उत्तरकाशी आपदा: राहत कार्यों के लिए डीजीपी मुख्यालय से ताबड़तोड़ पुलिस तैनाती,दो आईजी, तीन एसपी, 11 डीएसपी सहित विशेष पुलिस बल रवाना
देहरादून।उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्यों के लिए उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय ने तत्काल उच्च स्तरीय तैनाती की है। आपदा प्रबंधन को सशक्त और समन्वित बनाने के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के साथ-साथ विशेष पुलिस बलों को प्रभावित क्षेत्र में भेजा गया है।
पुलिस महानिदेशक मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ श्री अरुण मोहन जोशी, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप, एसपी श्री प्रदीप कुमार राय, श्री अमित श्रीवास्तव (प्रथम), श्री सुरजीत सिंह पंवार, श्रीमती श्वेता चौबे, एक डिप्टी कमांडेंट तथा 11 डिप्टी एसपी को उत्तरकाशी रवाना किया गया है। ये सभी अधिकारी राहत, समन्वय और पुनर्वास कार्यों में नेतृत्व करेंगे।
आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आईआरबी द्वितीय, देहरादून की सी कंपनी और 40वीं वाहिनी पीएसी की ई कंपनी को सेनानायक श्रीमती श्वेता चौबे के नेतृत्व में भेजा गया है। इसके अतिरिक्त देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी एवं टिहरी से कुल 160 पुलिसकर्मी (निरीक्षक से आरक्षी स्तर तक) आवश्यक उपकरणों के साथ उत्तरकाशी में तैनात किए गए हैं।
पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने कहा कि, “उत्तरकाशी में हुई इस प्राकृतिक आपदा से जो पीड़ा और नुकसान हुआ है, वह अत्यंत दुखद है। पुलिस विभाग द्वारा सभी संसाधनों और मानवीय संवेदनाओं के साथ राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। हमारा प्रयास है कि हर प्रभावित व्यक्ति तक शीघ्र सहायता पहुंचे। पुलिस बल को 24×7 अनवरत रूप से राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

