जनता मिलन में डीएम गौरव कुमार का सख्त रुख, क्षतिग्रस्त विद्यालयों के लिए नाबार्ड प्रस्ताव और लोल्टी में श्रम-आधार शिविर के निर्देश

जनता मिलन में डीएम गौरव कुमार का सख्त रुख, क्षतिग्रस्त विद्यालयों के लिए नाबार्ड प्रस्ताव और लोल्टी में श्रम-आधार शिविर के निर्देश
Spread the love

गोपेश्वर। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त 16 शिकायतों पर सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम चमसिल, ग्राम सभा ढामक निवासी जगदीश प्रसाद ने पेयजल मरम्मत कार्य के भुगतान से जुड़ी शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को नियमानुसार जांच कर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं गोपेश्वर निवासी जयंती देवी की सीवरेज संबंधी शिकायत पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान और अधिशासी अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने को कहा।

जनता मिलन के दौरान गोविंद लाल ने खल्ला मंडल स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की क्षतिग्रस्त चारदीवारी का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जनपद के सभी क्षतिग्रस्त विद्यालयों के लिए नाबार्ड के माध्यम से प्रस्ताव तैयार करने तथा नामित कार्यदायी संस्था से प्राथमिकता के आधार पर सभी प्रस्ताव शीघ्र तैयार कराने के निर्देश दिए।

बैनोली निवासी मनमोहन सिंह ने श्रम कार्ड से संबंधित समस्या रखी। जिलाधिकारी ने श्रम अधिकारी को 9 जुलाई को लोल्टी में आयोजित होने वाले श्रम शिविर के साथ आधार पंजीकरण शिविर भी लगाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर दोनों सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इसके अलावा जगदीश सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित अन्य फरियादियों की शिकायतों पर भी सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी 16 शिकायतों का समयबद्ध, प्रभावी एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक आनंद सिंह, पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles