दून पुलिस के चक्रव्यूह में फंसे दो स्मैक तस्कर, 13.80 लाख रुपये की 46 ग्राम स्मैक बरामद
देहरादून ।नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 46 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 13 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन और “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस ने 6 जुलाई 2026 को फव्वारा चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान तरुण उर्फ चीनू और विकास को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक बिजनौर के नजीबाबाद से एक स्थानीय तस्कर से खरीदकर लाए थे। दोनों स्वयं भी नशे के आदी हैं और बरामद स्मैक का कुछ हिस्सा अपने सेवन के लिए तथा शेष स्थानीय नशा करने वालों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की योजना बना रहे थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में 23 वर्षीय तरुण उर्फ चीनू निवासी ब्रह्मपुरी, देहरादून तथा 18 वर्षीय विकास निवासी मूल रूप से मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) और वर्तमान में चंद्रबनी, देहरादून शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से 46 ग्राम अवैध स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी फव्वारा उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, हेड कांस्टेबल सतेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल राकेश बलूनी शामिल रहे।

