मुख्यमंत्री धामी ने किया लगभग 25 करोड़ रुपये का ऑनलाइन DBT, 8,299 आवेदनों का निस्तारण
देहरादून।उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा विशेष अभियान के तहत 8,299 आवेदनों का ऑनलाइन निस्तारण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर लगभग 25 करोड़ रुपये की धनराशि का ऑनलाइन डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) एक क्लिक के माध्यम से किया। इस राशि के अंतर्गत कुल ₹24,85,19,700/- (चौबीस करोड़ पचासी लाख उन्नीस हज़ार सात सौ रुपये) संबंधित श्रमिकों एवं उनके आश्रितों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। यह निस्तारण पुत्री विवाह सहायता योजना, मृत्यु अनुदान योजना, प्रसूति सहायता योजना और शिक्षा सहायता योजना से जुड़े आवेदनों का किया गया है।**
इस अवसर पर श्रम सचिव श्रीधर बाबू अददांकी और श्रमायुक्त प्रकाश चंद्र दुमका ने जानकारी दी कि विगत एक माह में विशेष अभियान चलाकर इन आवेदनों का निस्तारण किया गया है। यह पहला अवसर है जब बोर्ड स्तर पर इतने बड़े पैमाने पर प्रयास किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का भी इसी प्रकार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बोर्ड और श्रम विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए श्रम विभाग के लेबर सेस मैनेजमेंट पोर्टल और ई-श्रम पोर्टल पर उत्तराखण्ड की उत्कृष्ट प्रगति को देखते हुए विभाग के अधिकारियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों की समस्याओं का निस्तारण तत्परता और प्राथमिकता से होना चाहिए तथा उद्योगों और श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि श्रमिकों को निरंतर सुलभता से रोजगार मिलता रहे और उनकी छोटी-बड़ी समस्याओं का भी तत्काल समाधान किया जा सके।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्रीमती गीता रावत, उप श्रमायुक्त श्रीमती मधु नेगी चौहान, विपिन कुमार, उमेश चंद्र राय, के.के. गुप्ता, कमल जोशी सहित सभी सहायक श्रम आयुक्त मौजूद रहे। वहीं एचडीएफसी बैंक की ओर से सुमित गोयल, इशान शर्मा और रोहित थपलियाल भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

