HTML tutorial
HTML tutorial

हल्द्वानी में ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां

हल्द्वानी में ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां
Spread the love

हल्द्वानी।उत्तराखण्ड सरकार के ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री का नंदा देवी मंदिर की प्रतिकृति एवं स्थानीय हस्तनिर्मित शॉल भेंट कर स्वागत किया।

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखण्ड के शहीदों को नमन करते हुए देवभूमि की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यहां के लोग परिश्रमी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हैं तथा राज्य मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति की सराहना करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन तेजी और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि “धामी न केवल धाकड़ हैं, बल्कि धुरंधर भी बन चुके हैं”, जो प्रदेश के विकास के लिए प्रभावी निर्णय ले रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना के 25 वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों—सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, बिजली, पर्यटन, रोजगार और कौशल विकास—में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन में राज्य देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है और जीडीपी व प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि इसका प्रमाण है।

उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और सीमांत गांवों के विकास को सरकार के महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए इन्हें मील का पत्थर करार दिया। साथ ही, अवैध घुसपैठ और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई को आवश्यक बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में निवेश, पर्यटन, बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट, स्टार्टअप प्रोत्साहन, पारदर्शी भर्ती प्रणाली और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है और हजारों युवाओं को रोजगार मिला है। साथ ही, समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने पर्यटन और सीमांत क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए रिवर्स पलायन को प्रोत्साहन मिलने की बात भी कही।

कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण विकास और वन्यजीव संरक्षण से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles