उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच ने पर्वतीय गांधी इन्द्रमणि बड़ोनी को दी श्रद्धांजलि

उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच ने पर्वतीय गांधी इन्द्रमणि बड़ोनी को दी श्रद्धांजलि
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच द्वारा घण्टाघर स्थित पर्वतीय गांधी स्वर्गीय इन्द्रमणि बड़ोनी जी की 26वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर रवीन्द्र जुगरान एवं अशोक वर्मा ने कहा कि स्व. बड़ोनी जी के त्याग, तपस्या और बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा तथा उनके आदर्शों के अनुरूप प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पबद्ध रहना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी और प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने कहा कि राज्य बनने के 25 वर्षों के बाद अब सरकार को चाहिए कि वह स्व. इन्द्रमणि बड़ोनी के सपनों के अनुरूप गैरसैंण को राजधानी घोषित करे। उन्होंने कहा कि आने वाले मानसून सत्र में सरकार गैरसैंण को पहले जिला और तत्पश्चात स्थाई राजधानी बनाने की दिशा में ठोस निर्णय ले।

सलाहकार केशव उनियाल ने कहा कि हमारे जनप्रतिनिधि और अधिकारी अब तक बड़ोनी पार्क की सुध नहीं ले पाए। एक वर्ष पूर्व भी निगम और संस्कृति विभाग को इसकी बदहाल स्थिति से अवगत कराया गया था, लेकिन कोई परिणाम सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि न तो जनप्रतिनिधि यहां पुष्पांजलि अर्पित करने आते हैं और न ही स्व. बड़ोनी जी के सपनों को साकार करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए। आज भी न स्थाई राजधानी बनी, न भू-कानून लागू हुआ, न ही छोटे-छोटे जिलों का गठन किया गया और न ही पहाड़ की बेहतरी के लिए ठोस नीतियां बनीं।

पूरण सिंह लिंगवाल ने कहा कि राज्य आंदोलनकारी मंच प्रदेश के हितों के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा। चाहे वह मुजफ्फरनगर कांड के दोषियों को सजा दिलाने की बात हो, लोकायुक्त लागू करने की मांग हो या फिर रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर संघर्ष करना हो।

इस अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में सलाहकार केशव उनियाल, पूर्व राज्य मंत्री रवीन्द्र जुगरान, पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष अशोक वर्मा, जनकवि डॉ. अतुल शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती, पूरण सिंह लिंगवाल, मोहन खत्री, हरी सिंह मेहर, मोहन थापा, राजेश पान्थरी, प्रभात डण्डरियाल, द्वारिका बिष्ट, अरुणा, राधा तिवारी, शांति शर्मा और मोहम्मद शाहिद सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles