पिथौरागढ़ में डीएम ने जताई राजकीय विद्यालयों में घटती छात्र संख्या पर चिंता, 10 दिन में कार्ययोजना बनाने के निर्देश

पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली एवं समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने राजकीय विद्यालयों में लगातार घट रही छात्र संख्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
डीएम ने ब्लॉकवार शिक्षा संबंधी प्रगति की समीक्षा की, लेकिन संतोषजनक उत्तर न मिलने पर नाराजगी जताई और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे 10 दिन के भीतर ठोस कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने क्लस्टर बेस विद्यालयों की जानकारी लेते हुए कहा कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय हाईस्कूल और इंटरमीडिएट विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगारोन्मुखी विषयों, खेल-कूद और सहशैक्षिक गतिविधियों के साथ क्लस्टर विद्यालय के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों को उत्कृष्ट शिक्षा केंद्र के रूप में पहचान दिलाई जानी चाहिए, ताकि अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में पढ़ाने के लिए प्रेरित हों।
डीएम ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने ब्लॉकों के विद्यालयों का डेटा, फोटोग्राफ्स और वीडियोज एकत्र कर सुरक्षित रखें।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

