खोखले साबित हो रहे नारी सुरक्षा के भाजपा के वादे : गरिमा मेहरा दसौनी

खोखले साबित हो रहे नारी सुरक्षा के भाजपा के वादे : गरिमा मेहरा दसौनी
Spread the love

देहरादून। राष्ट्रीय महिला आयोग की हाल ही में जारी NARI-2025 रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है कि देहरादून देश के दस सबसे असुरक्षित शहरों में शामिल है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने भाजपा सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जमकर हमला बोला।

दसौनी ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह रिपोर्ट प्रदेश में महिलाओं की भयावह स्थिति और भाजपा सरकार की नाकामी को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि बार-बार बड़े वादे करने के बावजूद सच्चाई यह है कि महिलाएं आज भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। रिपोर्ट साफ दिखाती है कि पुलिसिंग, ढांचा और जनविश्वास तीनों ही स्तर पर गहरी खाई मौजूद है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा का बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” नारा अब खोखला साबित हो चुका है। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाए, अंधेरे स्थानों पर रोशनी और सीसीटीवी लगाए, आपातकालीन पैनिक बटन जैसी व्यवस्था लागू करे और निर्भया फंड का पारदर्शी ऑडिट कराए।

गरिमा ने सुझाव दिया कि प्रदेश में विशेष महिला सुरक्षा टास्क फोर्स, त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र (हेल्पलाइन व वन-स्टॉप सेंटर) की स्थापना हो और इसकी प्रगति की सार्वजनिक रिपोर्टिंग अनिवार्य की जाए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अब बहानेबाज़ी छोड़कर जमीनी स्तर पर ठोस कदम उठाए क्योंकि देहरादून की महिलाएं डर में नहीं, बल्कि स्वतंत्र होकर जीने का अधिकार रखती हैं।

देवभूमि खबर

Related articles