उधम सिंह नगर में करीब 46 लाख रुपये की हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

उधम सिंह नगर में करीब 46 लाख रुपये की हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

STF की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स की सटीक कार्यवाही – नशा तस्करों पर कड़ा प्रहार

किच्छा। उत्तराखंड STF की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (कुमाऊं यूनिट, रुद्रपुर) ने कोतवाली किच्छा पुलिस टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान लालपुर क्षेत्र से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 152.39 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 46 लाख रुपये बताई जा रही है। 

मुख्यमंत्री की “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान की मंशा के तहत STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अभियान की कमान अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह व सीओ आर.बी. चमोला के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक पावन स्वरुप के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोख सिंह पुत्र संता सिंह (निवासी लालपुर, उम्र 40 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह हेरोइन बरेली से लाकर ऊधम सिंह नगर में ऊंचे दामों पर बेचता था। STF को पूछताछ के दौरान अन्य कई तस्करों के नामों की जानकारी भी मिली है, जिन पर जल्द कार्रवाई होगी।

एसएसपी STF नवनीत भुल्लर ने पुनः जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार की नशा तस्करी की जानकारी तत्काल STF या निकटतम थाने को दें। उन्होंने कहा कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संपर्क के लिए STF ने अपने नंबर 0135-2656202 और 9412029536 भी जारी किए हैं।

एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट द्वारा जनवरी 2025 से अब तक 11 किलो 981 ग्राम चरस, 1 किलो 356 ग्राम हेरोइन, 7.41 ग्राम एमडीएमए और 2 किलो 513 ग्राम अफीम की बरामदगी की गई है।

इस कार्रवाई में STF एंटी नार्कोटिक्स टीम से निरीक्षक पावन स्वरुप, SI विपिन चंद्र जोशी, SI विनोद चंद्र जोशी, ASI जगवीर शरण, HC मनमोहन सिंह, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे, जबकि कोतवाली किच्छा पुलिस टीम में उ0 नि0 बसंत कुमार, आरक्षी किशोर कोहली, आरक्षी देवराज और आरक्षी बृजमोहन शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles