पायलट बाबा आश्रम में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, तल्लीताल पुलिस ने दो शातिर अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
नैनीताल।जनपद नैनीताल में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तल्लीताल पुलिस ने पायलट बाबा आश्रम में हुई चोरी का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी भी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को वादी सम्पूर्णानन्द त्रिपाठी, सेवादार पायलट बाबा आश्रम, ने तहरीर देकर बताया कि आश्रम के पूर्व सेवादार संजू और दीपक कुमार ने 9 मार्च 2026 की रात खिड़की तोड़कर मंदिर के दानपात्र से नगदी चोरी कर ली। चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।
मामले के त्वरित अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नैनीताल श्री रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 14 मार्च 2026 को भूमियाधार माता मंदिर के पास से चोरी में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में संजय कार्की उर्फ संजू (उम्र 20 वर्ष) निवासी रानीबाग काठगोदाम तथा दीपक कुमार (उम्र 21 वर्ष) निवासी रानीबाग काठगोदाम शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए 1,324 रुपये (नोट व सिक्के) बरामद किए हैं।
इस संबंध में थाना तल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 12/2026 के तहत धारा 305/331(4) तथा विवेचना के दौरान बढ़ाई गई धारा 317(2)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक श्याम सिंह बोरा (चौकी प्रभारी ज्योलीकोट), उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय (थाना तल्लीताल), कांस्टेबल राजेन्द्र जोशी (चौकी भुजियाघाट) तथा कांस्टेबल पदम सिंह (चौकी ज्योलीकोट) शामिल रहे।

