दिव्यांगजनों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा को सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

दिव्यांगजनों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा को सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु चलाई जा रही योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ उन्हें सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ मिले। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के इस वर्ग की समस्याओं का समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने सचिव स्वास्थ्य को निर्देशित किया कि प्रदेशभर में समय-समय पर दिव्यांगजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में दिव्यांगजन उपचार और चिकित्सा सुविधाओं के साथ ही प्रमाणपत्र, कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण मौके पर ही प्राप्त कर सकें।

उन्होंने सचिव समाज कल्याण को भी निर्देश दिए कि बैठक में प्रस्तुत सभी सुझावों पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय सेवाओं में नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान आरक्षण के प्रावधानों के अनुरूप दिव्यांगजनों को पूरा लाभ मिले। साथ ही, समाज कल्याण विभाग यह सुनिश्चित करे कि पात्र लाभार्थियों को दिव्यांग पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ प्राप्त हो।

मुख्यमंत्री ने सभी सचिवगणों से अपेक्षा की कि दिव्यांगजनों से जुड़े मुद्दों पर विभागीय स्तर पर सतत गंभीरता से अनुश्रवण हो और उनके हितों से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता में रखा जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उन्हें सक्षम बनाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।

बैठक में उपस्थित विधायकगणों एवं बोर्ड सदस्यों ने भी कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याएँ केवल प्रशासनिक विषय नहीं बल्कि मानवीय सरोकार से जुड़ी जिम्मेदारी हैं। इसी भाव से राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर विधायक भरत चौधरी, विधायक सविता कपूर, सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, रंजीत सिन्हा, चन्द्रेश कुमार, वी. षणमुगम, डॉ. आर. राजेश कुमार, निदेशक समाज कल्याण प्रकाश चन्द्र और राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles