केदारनाथ यात्रा के दौरान हैलीकॉप्टर टिकटों के नाम पर साइबर ठगी: रुद्रप्रयाग पुलिस ने 4 आरोपी किए गिरफ्तार

केदारनाथ यात्रा के दौरान हैलीकॉप्टर टिकटों के नाम पर साइबर ठगी: रुद्रप्रयाग पुलिस ने 4 आरोपी किए गिरफ्तार
Spread the love

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। रुद्रप्रयाग पुलिस ने फेसबुक पर हैलीकॉप्टर टिकट दिलाने के झांसे में करीब ₹2 लाख की ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शिकायतकर्ता श्री सूर्यप्रकाश मिश्रा, सूरत (गुजरात) ने फेसबुक पर पवनहंस की नकली साइट देखकर टिकट बुक करने का प्रयास किया। इस दौरान व्हाट्सएप पर संपर्क करके 32 लोगों के टिकट फाइनल किए जाने का झांसा दिया गया। आरोपी अकाउंट नंबर देकर भुगतान करने को कहा, जिस पर कुल ₹1,91,812 उनके खाते में भेजे गए। हालांकि, भुगतान करने के बावजूद टिकट नहीं मिली और पैसे लेने वाले ने कॉल भी रिसीव नहीं की। हताश होकर उन्होंने थाना गुप्तकाशी में शिकायत दर्ज कराई।

एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने बताया कि साइबर सैल और स्थानीय पुलिस की टीम ने ठगी में इस्तेमाल हुए बैंक खातों, मोबाइल नंबर और लिंक की गहन जांच की। इसके बाद बिहार व उड़ीसा के चार आरोपी गिरफ्तार किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में आकर्षण गुप्ता (18) नवादा, बिहार; अनन्त कुमार सिंह (25), मयूरभंज, उड़ीसा; सौभाग्य शेखर महन्तो (26), मयूरभंज, उड़ीसा; और दौलागोबिन्दा बाघा (24), बौद्ध, उड़ीसा शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन सिम कार्ड सहित, 18 संदिग्ध बैंक खाते, 3 लाख की धनराशि और एक एटीएम कार्ड बरामद किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

एसपी अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने बताया कि पिछले 2-3 सालों से हैलीकॉप्टर टिकटों की ऑनलाइन बिक्री आईआरसीटीसी के माध्यम से अधिकृत है, लेकिन साइबर ठग सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर यात्रियों को झांसा देकर ठगते हैं। पुलिस इस तरह की प्रोएक्टिव कार्रवाई आगे भी जारी रखेगी।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष गुप्तकाशी रणजीत खनेड़ा, उपनिरीक्षक दिनेश सिंह सती, मुख्य आरक्षी राजेन्द्र, आरक्षी जयप्रकाश और आरक्षी राकेश सिंह शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles