सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कमेंट करने वाला गिरफ्तार, पुलिस ने स्वयं लिया संज्ञान, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास नाकाम
देहरादून। सोशल मीडिया पर मुस्लिम संप्रदाय के नबी पर आपत्तिजनक कमेंट कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।
पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेते हुए चौकी प्रभारी बाजार थाना पटेलनगर प्रमोद शाह की ओर से अभियोग दर्ज कराया और आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के आपत्तिजनक कमेंट को सोशल मीडिया से हटवाने के साथ ही स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर आवश्यक कदम उठाए।
आरोपी की हरकत से नाराज होकर समुदाय विशेष के लोग पटेलनगर क्षेत्र में एकत्रित होने लगे थे। स्थिति बिगड़ने से पहले पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए भीड़ को तीतर-भीतर किया और पूरे इलाके में सघन कांबिंग करते हुए समुचित पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या अराजकता फैलाने का प्रयास किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार युवक की पहचान गुलशन पुत्र वीर सिंह निवासी ब्रह्मपुरी थाना पटेलनगर देहरादून, मूल निवासी ग्राम सरोना थाना बिलग्राम जिला हरदोई, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।
