गांधी जयंती पूर्व आयुष विभाग का स्वच्छता अभियान: मुनि की रेती गंगा घाट पर सफाई, पर्यटकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिया योगदान

गांधी जयंती पूर्व आयुष विभाग का स्वच्छता अभियान: मुनि की रेती गंगा घाट पर सफाई, पर्यटकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिया योगदान
Spread the love

टिहरी । गांधी जयंती 2025 के पूर्व आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में मुनि की रेती में आयुष विभाग द्वारा गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान शत्रुघन घाट से लेकर जानकी सेतु तक गंगा घाटों की साफ-सफाई की गई। कार्यक्रम जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र और नोडल अधिकारी आयुष मिशन डॉ. आनंद श्रीवास्तव की उपस्थिति में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, मुनि की रेती के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा संपन्न हुआ।

इस अवसर पर स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और विदेशी पर्यटकों ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए योगदान दिया। डॉ. सुभाष चंद्र ने स्वच्छता के महत्व को स्वास्थ्य से जोड़ते हुए कहा कि आयुष मंत्रालय के निर्देशन में जनपद के सभी चिकित्सालयों के आसपास सफाई अभियान चलाकर समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ आसपास और पर्यावरण की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है क्योंकि स्वच्छ पर्यावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने घाट पर उपस्थित पर्यटकों और श्रद्धालुओं से गंगा की पवित्रता बनाए रखने की अपील भी की।

नोडल अधिकारी डॉ. आनंद श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयुष विभाग द्वारा स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों को पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता और किशोरावस्था के मनोशारीरिक बदलावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इस अवसर पर चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. अतोल सिंह राणा, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. शोभा रानी, डॉ. प्रियंका, योग प्रशिक्षक डॉ. राकेश सेमवाल, श्री राकेश मैठाणी, श्री सुभाष गौड़, श्री महेंद्र नेगी, श्रीमती ऊषा जोशी, श्रीमती प्रीति सेमवाल, योग प्रशिक्षक श्री संदीप, श्रीमती सुषमा, श्री कुंवर सिंह नेगी और स्वच्छक श्री राजीव सहित कई लोगों की सक्रिय सहभागिता रही।

देवभूमि खबर

Related articles