बीकेटीसी और श्री केदार सभा की महत्वपूर्ण बैठक हुई संपन्न, दोनों मिलकर करेंगे यात्रा को सफल, सुगम और सुरक्षित बनाने के संयुक्त प्रयास

बीकेटीसी और श्री केदार सभा की महत्वपूर्ण बैठक हुई संपन्न, दोनों मिलकर करेंगे यात्रा को सफल, सुगम और सुरक्षित बनाने के संयुक्त प्रयास
Spread the love

श्री केदारनाथ धाम। श्री केदारनाथ धाम में शुक्रवार को दीपावली से पूर्व श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) तथा केदारनाथ तीर्थ पुरोहितों की शीर्ष संस्था श्री केदार सभा की महत्वपूर्ण बैठक उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने की, जबकि श्री केदार सभा के पदाधिकारी और सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक में देश-विदेश से श्री केदारनाथ धाम पहुंच रहे तीर्थ यात्रियों के सहज और सुगम दर्शन की व्यवस्था, धार्मिक परंपराओं के निर्वहन, हक-हकूक संरक्षण, पूजा-अर्चना, निर्माण कार्यों तथा मंदिर परिसर के निकट रील, वीडियो ग्राफी और फोटोग्राफी पर नियंत्रण जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि श्री केदार सभा के साथ संयुक्त बैठक में तीर्थ यात्रियों की सुविधा और धाम की मर्यादा को बनाए रखने के लिए अनेक बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि केदारनाथ के तीर्थ पुरोहित न केवल श्री केदारनाथ यात्रा के अभिन्न अंग हैं, बल्कि बीकेटीसी परिवार का भी अहम हिस्सा हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष अब तक रिकॉर्ड 17,20,855 श्रद्धालुओं ने भगवान केदारनाथ के दर्शन किए हैं। श्री द्विवेदी ने कहा कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे और यह प्रसन्नता का विषय है कि सभी के सहयोग से यह यात्रा सफलतापूर्वक अपने समापन की ओर है।

श्री केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में सभा ने अपने दीर्घ अनुभव के आधार पर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। श्री तिवारी ने कहा कि सनातनी मूल्यों और परंपराओं का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए तथा यात्रियों को धाम की गरिमा और मर्यादा से विनम्रता पूर्वक अवगत कराया जाना चाहिए।

मंदिर समिति अध्यक्ष श्री द्विवेदी ने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुविधा और धार्मिक व्यवस्थाओं के सौहार्दपूर्ण संचालन के लिए बीकेटीसी और श्री केदार सभा की यह बैठक कई दीर्घकालिक सकारात्मक संकल्पों के साथ संपन्न हुई।

बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि धार्मिक परंपराओं की गरिमा बनाए रखते हुए यात्रियों की सुविधाओं के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। कपाट बंद होने तक यात्रियों को सुगम दर्शन, आवास, पेयजल, स्वच्छता और अलाव जैसी सुविधाएँ निरंतर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें स्थानीय लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, सदस्य प्रह्लाद पुष्पवान, श्री केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मंत्री राजेन्द्र तिवारी, तीर्थ पुरोहित संतोष त्रिवेदी, पंकज शुक्ला, संजय तिवारी, अंकित सेमवाल, अनिल शुक्ला, उमेश पोस्ती, प्रदीप शुक्ला, प्रभारी अधिकारी यदुवीर पुष्पवान सहित बड़ी संख्या में तीर्थपुरोहित, हकहकूकधारी एवं बीकेटीसी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles