दून पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, रानीपोखरी क्षेत्र में युवक की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

दून पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, रानीपोखरी क्षेत्र में युवक की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून ।रानीपोखरी क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले का दून पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए हत्या में शामिल अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक और आरोपी दोनों एक ही स्थान पर कार्यरत थे। मृतक द्वारा बार-बार सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने से नाराज अभियुक्त ने अपने अपमान का बदला लेने के लिए उसकी हत्या की योजना बनाई थी। शराब पिलाने के बहाने वह मृतक को अपने साथ ले गया और नशे की हालत में उसे पानी के पुराने सीवर टैंक में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी।

घटना 14 अक्तूबर 2025 की है, जब थाना रानीपोखरी में वादी रमेश चंद्र पुत्र इंदर सिंह निवासी रानीपोखरी, देहरादून ने अपने पुत्र शुभम पाल उर्फ चुन्नी के लापता होने की सूचना दी थी। अगले दिन 15 अक्तूबर को शुभम का शव शांतिनगर, रानीपोखरी स्थित पानी के सीवर टैंक में मिला। वादी ने संदेह जताया कि शुभम की हत्या कर शव को छिपाने के उद्देश्य से टैंक में फेंका गया है। इस पर थाना रानीपोखरी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मामले के अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना रानीपोखरी की कई टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई, तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर 17 अक्तूबर 2025 को घटना में शामिल अभियुक्त ऋषभ धीमान उर्फ बाबू पुत्र जितेंद्र निवासी गली नंबर 01, शांतिनगर, रानीपोखरी, उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपराध स्वीकार करते हुए पूरी वारदात का खुलासा किया।

अभियुक्त ने बताया कि मृतक शुभम द्वारा कार्यस्थल पर बार-बार अपमानित किए जाने से उसके मन में गहरी रंजिश पैदा हो गई थी। उसने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 14 अक्तूबर को वह शुभम को अपने मोटरसाइकिल पर बैठाकर शांतिनगर स्थित पुराने सीवर टैंक के पास ले गया, जहां दोनों ने शराब पी। उसने अपने दो अन्य मित्रों अशोक और प्रवीण को भी बुलाया ताकि किसी को शक न हो। शराब पीने के बाद जब दोनों मित्र वहां से चले गए और शुभम नशे में हो गया, तो अभियुक्त ने उसे टैंक में धक्का दे दिया। जब शुभम का शरीर सरिए में फंस गया तो उसने उसकी टांगें पकड़कर नीचे धकेल दिया, जिससे शुभम की मृत्यु हो गई। वारदात के बाद अभियुक्त वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के घटना के समय पहने गए कपड़े एवं जूते बरामद किए हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विकेंद्र चौधरी, हेड कांस्टेबल धीरेंद्र कुमार यादव, कांस्टेबल रवि कुमार, तेज सिंह, दुष्यंत, शशिकांत, कर्मजीत और चालक चैनपाल शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles