आराघर टी-जंक्शन पर चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को वाहन से मारी टक्कर, तीन गंभीर घायल, आरोपी चालक गिरफ्तार
देहरादून। कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में आज दिनांक 19 अक्टूबर 2025 की प्रातः लगभग 3:45 बजे आराघर टी-जंक्शन पर चेकिंग ड्यूटी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पिकेट/चेकिंग में नियुक्त पुलिसकर्मी हे०का० सुगनपाल, का० सचिन तथा का० कमला प्रसाद वाहन चेकिंग कर रहे थे, इसी दौरान एक वाहन चालक ने रोकने पर अपनी गाड़ी से तीनों पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी।
तीनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल एम्बुलेंस 108 के माध्यम से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर सिनर्जी हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहाँ वर्तमान में तीनों का इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून तत्काल सिनर्जी हॉस्पिटल पहुँचे और उपचाराधीन पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। एसएसपी ने चिकित्सकों से बातचीत कर बेहतर से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभारी निरीक्षक कैंट व डालनवाला को पुलिसकर्मियों की हरसंभव सहायता के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने घटना में शामिल वाहन चालक के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने संबंधित वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में ले लिया है तथा अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना में प्रयुक्त वाहन:
UK07 FW 1002 (Mahindra Thar)
गिरफ्तार अभियुक्त:
मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर पुत्र मोहम्मद रईस, निवासी 1 EC रोड, थाना डालनवाला, देहरादून, उम्र 36 वर्ष।

