करोड़ों के भूमि घोटाले में गिरफ्तार पुलिस कर्मियों का हो नार्को टेस्ट: जन संघर्ष मोर्चा

करोड़ों के भूमि घोटाले में गिरफ्तार पुलिस कर्मियों का हो नार्को टेस्ट: जन संघर्ष मोर्चा
Spread the love

मोर्चा ने आईजी कार्यालय की भूमिका पर उठाए सवाल, कहा– हरिद्वार भूमि घोटाले के पीछे बड़ा गठजोड़

विकासनगर।जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि जनपद हरिद्वार के ग्राम सुनहरा में लगभग 50 करोड़ रुपये की बेशकीमती भूमि को फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए हड़पने के मामले में एसटीएफ द्वारा दो पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी कई गंभीर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि इन दोनों पुलिस कर्मियों को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय की विशेष कृपा और मौखिक आदेश पर हरिद्वार में तैनात किया गया था, जिससे स्पष्ट होता है कि कहीं न कहीं आईजी कार्यालय का संरक्षण इन्हें प्राप्त था। उन्होंने मांग की कि गिरफ्तार पुलिस कर्मियों का नार्को टेस्ट कराया जाए ताकि सच सामने आ सके।

मोर्चा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि इन पुलिस कर्मियों को अन्य जनपदों से हरिद्वार स्थानांतरित करने और मौखिक आदेश पर आईजी कार्यालय में आयात करने के पीछे किसकी सिफारिश थी, इसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह घोटाला सामान्य नहीं बल्कि व्यापक स्तर का प्रतीत होता है, जिसमें ऊंचे पदों पर बैठे लोगों की भूमिका की भी जांच आवश्यक है।

रघुनाथ सिंह ने कहा कि “दो छोटी मछलियों” को तो पकड़ लिया गया, लेकिन “बड़े मगरमच्छों” पर अभी तक शिकंजा नहीं कसा गया। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं आईजी राजीव स्वरूप का संरक्षण तो इन पुलिस कर्मियों को नहीं मिला, और क्या यह पूरा घोटाला उनके इशारे पर तो नहीं हुआ?

उन्होंने कहा कि इस पूरे नेक्सस में पार्षदों, गैंगस्टरों, पुलिसकर्मियों और बड़े प्रभावशाली लोगों का गठजोड़ सामने आ रहा है, जिसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच भी होनी चाहिए।

मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि जब जनता अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस पर भरोसा करती है, तब ऐसे मामलों में पुलिस का खुद भक्षक बन जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने मांग की कि न्याय के सिद्धांतों के दृष्टिगत आईजी राजीव स्वरूप को पदमुक्त कर गिरफ्तार पुलिस कर्मियों का नार्को टेस्ट कराया जाए। अगर सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो मोर्चा आंदोलन करने को विवश होगा।

पत्रकार वार्ता में दिलबाग सिंह व प्रवीण शर्मा पिन्नी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles