STF की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्यवाही — करीब 12 लाख की चरस के साथ एक नशा तस्कर गिरफ्तार

STF की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्यवाही — करीब 12 लाख की चरस के साथ एक नशा तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र में STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त छापेमारी, 2 किलो 20 ग्राम अवैध चरस बरामद

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री नवनीत भुल्लर के निर्देशन में एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) द्वारा राज्यभर में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीओ श्री परवेज अली के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक STF (एंटी नार्कोटिक्स) कुमाऊं यूनिट पावन स्वरुप के नेतृत्व में कल एसटीएफ की टीम ने कोतवाली हल्द्वानी पुलिस के साथ संयुक्त कार्यवाही करते हुए डिग्री कॉलेज हल्द्वानी के पास से एक चरस तस्कर को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से कुल 2 किलो 20 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी जा रही है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने यह चरस चम्पावत जिले के नौलिया गांव से खरीदी थी, जिसे वह मैदानी क्षेत्रों में ऊँचे दामों पर बेचने लाया था। आरोपी पहले भी चरस तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। जमानत पर छूटने के बाद उसने दोबारा यह अवैध काम शुरू कर दिया था। एसटीएफ टीम द्वारा पूछताछ में अन्य कई ड्रग तस्करों के नामों की जानकारी मिली है, जिन पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

अभियुक्त का नाम नारायण सिंह परगई पुत्र हरकिशन परगई निवासी ग्राम कुकना तहसील ओखलकांडा थाना मुक्तेश्वर जनपद नैनीताल हाल निवासी जय दुर्गा कॉलोनी, दुर्गा सिटी सेंटर हल्द्वानी उम्र 58 वर्ष है। उसके कब्जे से कुल 2 किलो 20 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। इस कार्रवाई में एसटीएफ टीम में निरीक्षक पावन स्वरुप, एसआई विपिन चंद्र जोशी, एसआई विनोद चंद्र जोशी, एएसआई जगवीर शरण, हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं कोतवाली हल्द्वानी पुलिस टीम में व0 उ0 नि0 रोहताश सागर, अ0 उ0 नि0 अशोक कुमार और आरक्षी रणबीर सिंह सम्मिलित थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री नवनीत भुल्लर ने पुनः जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार की जानकारी नशा तस्करी से संबंधित होने पर तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ उत्तराखण्ड से संपर्क करें। एसटीएफ का ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान लगातार जारी रहेगा। संपर्क हेतु हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202, 9412029536 जारी किए गए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles