लोकपर्व इगास पर रुद्रप्रयाग के आपदा प्रभावित परिवारों के बीच पहुँचे मुख्यमंत्री,आपदा प्रभावित क्षेत्र भौंर का किया स्थलीय निरीक्षण, प्रभावितों के साथ किया भोजन

लोकपर्व इगास पर रुद्रप्रयाग के आपदा प्रभावित परिवारों के बीच पहुँचे मुख्यमंत्री,आपदा प्रभावित क्षेत्र भौंर का किया स्थलीय निरीक्षण, प्रभावितों के साथ किया भोजन
Spread the love

रुद्रप्रयाग।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी आज लोकपर्व इगास के उपलक्ष्य में रुद्रप्रयाग जनपद के तहसील वसुकेदार अंतर्गत ग्राम भौंर पहुँचे। इस अवसर पर उन्होंने हाल ही में आई आपदा से प्रभावित परिवारों से भेंटवार्ता की और राहत व पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने आपदा में जान-माल की क्षति झेलने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक वन श्रमिक कुलदीप सिंह नेगी एवं सते सिंह के परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में पाँच-पाँच लाख रुपये के चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवारों का पुनर्वास कर रही है और किसी भी व्यक्ति को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर प्रत्यक्ष रूप से स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य समयबद्ध और प्राथमिकता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, बिजली, आवास और संचार जैसे बुनियादी ढांचे की बहाली को युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित परिवारों के साथ मध्यान्ह भोजन कर उनके मनोबल को बढ़ाया और उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा-संवेदनशील राज्य है, इसलिए आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर ठोस कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं, जिनमें प्रभावित क्षेत्रों में स्थाई हेलीपैड का निर्माण, ग्राम भौंर में आंगनवाड़ी केंद्र की स्थापना, और दोपहिया वाहनों की आवाजाही के लिए मोटर सड़क का निर्माण शामिल है। सड़क निर्माण कार्य हेतु उन्होंने एक करोड़ रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। इसके अलावा, आपदा में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों और आवासों के लिए मुआवजा देने की बात भी कही।

छेनागाड़ बाजार को पुनर्जीवित करने के लिए उन्होंने विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष के अंतर्गत विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे त्वरित और पारदर्शी राहत वितरण सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और राज्य सरकार द्वारा राहत एवं पुनर्वास कार्य के लिए किए जा रहे त्वरित प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles