हरिद्वार पुलिस ने किया राजमिस्त्री की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने एक राजमिस्त्री की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना दिनांक 14 अक्टूबर 2025 की है जब शाहजहाँपुर, उत्तर प्रदेश निवासी नारद ने अपने भाई रामनिवास की संदिग्ध मौत की शिकायत की थी। रामनिवास एक निर्माणाधीन मकान में रहकर मिस्त्री का काम करता था और दिनांक 14 अक्टूबर को उसे उसी मकान में मृत पाया गया था। मृतक के भाई को शक था कि हत्या की गई है, जिस पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने जांच प्रारंभ की।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के साथ काम कर रहे साथी मजदूर सतेन्द्र को संदिग्ध मानते हुए पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में सतेन्द्र ने स्वीकार किया कि वह और मृतक साथ में राजमिस्त्री का कार्य करते थे तथा शाम को अक्सर रायवाला जाकर शराब पीते थे। घटना वाले दिन ठेकेदार द्वारा 500 रुपये इनाम के रूप में दिए गए थे, जिसमें मृतक ने 300 और सतेन्द्र ने 200 रुपये लिए। शराब पीकर वापस लौटने पर पैसों के बंटवारे को लेकर दोनों में विवाद हो गया, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया और सतेन्द्र ने गुस्से में आकर रामनिवास की हत्या कर दी।
हत्या में प्रयुक्त साधन और आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी 61 वर्षीय सतेन्द्र मेरठ, उत्तर प्रदेश का निवासी है और फिलहाल हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, व0उ0नि0 नन्दकिशोर ग्वाडी, उ0नि0 अंशुल अग्रवाल, हे0कां0 गुलशन नेगी और कां0 सुशील कोठियाल शामिल रहे।
