पेपर लीक कांड में असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन की गिरफ्तारी — सीबीआई का सराहनीय कदम, सफेदपोशों को भी बेनकाब करने की मांग : जन संघर्ष मोर्चा

पेपर लीक कांड में असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन की गिरफ्तारी — सीबीआई का सराहनीय कदम, सफेदपोशों को भी बेनकाब करने की मांग : जन संघर्ष मोर्चा
Spread the love

विकासनगर। यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन की गिरफ्तारी के बाद अब सफेदपोशों और नेता रूपी दलालों पर भी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि सुमन की गिरफ्तारी से मेहनती युवाओं के साथ हो रहे खिलवाड़ का पर्दाफाश होना शुरू हुआ है और अब उम्मीद है कि इस पूरे नेक्सस में शामिल बड़े नाम भी बेनकाब होंगे।

नेगी ने कहा कि सीबीआई द्वारा की गई यह शुरुआती कार्रवाई सराहनीय है, लेकिन मामले में दर्ज एफआईआर के अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसे सबसे पहले सलाखों के पीछे भेजना आवश्यक है ताकि पूरा नेटवर्क सामने आ सके। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके इशारे पर पुलिस प्रोफेसर सुमन को बचाने की कोशिश कर रही थी और उन्हें गवाह बनाने का प्रयास किसकी भूमिका में किया जा रहा था।

नेगी ने आशंका व्यक्त की कि इस पेपर लीक मामले की जड़ें ऊंचे स्तर के नेताओं और माफिया किस्म के लोगों तक जुड़ी हो सकती हैं, जिसकी गहराई से जांच करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा केवल चार लोगों (अज्ञात सहित) को नामजद करना पर्याप्त नहीं है, जबकि इसमें अधिकारियों–नेताओं–दलालों की भूमिका भी हो सकती है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ उच्च शिक्षित बेरोजगार युवा दिन-रात पढ़ाई कर अपनी जिंदगी खपा देते हैं, जबकि दूसरी ओर सेटिंगबाज लोग इस नेक्सस के जरिये मनचाही नियुक्ति हासिल कर लेते हैं, जो अत्यंत निंदनीय है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

मोर्चा ने उम्मीद जताई कि सीबीआई इस प्रकरण में ऐसी नजीर पेश करेगी कि भविष्य में कोई भी युवाओं के अधिकारों और हितों से खिलवाड़ न कर सके और न ही कोई दलाल ऐसी हिमाकत दोबारा करने की हिम्मत जुटा सके।

पत्रकार वार्ता में दिलबाग सिंह और पछवादून अध्यक्ष अमित जैन मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles