एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: किच्छा में 15,650 लीटर प्रतिबंधित केमिकल का जखीरा बरामद, गोदाम सील

ऊधमसिंहनगर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखंड ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंहनगर के किच्छा क्षेत्र में अवैध केमिकल के बड़े जखीरे का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट ने स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम के साथ लालपुर स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर करीब 15,650 लीटर प्रतिबंधित रासायनिक पदार्थ बरामद किए।
छापेमारी के दौरान 108 ड्रमों में भरे 9,050 लीटर एथेनॉल, 2,600 लीटर ग्लूकोज और 4,000 लीटर सॉर्बिटॉल के साथ 78 खाली ड्रम, टुल्लू पंप, प्लास्टिक पाइप, गेज, फ्लास्क और मापक यंत्र भी बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह गोदाम किच्छा निवासी राजकुमार खुराना द्वारा अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था।
एसटीएफ के अनुसार बरामद एथेनॉल का उपयोग अवैध शराब निर्माण में, जबकि ग्लूकोज और सॉर्बिटॉल का उपयोग खाद्य पदार्थों एवं औषधि निर्माण में किया जाता है। आबकारी विभाग ने सभी केमिकल के नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गोदाम को सील कर दिया गया है।
एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब, नकली केमिकल या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल एसटीएफ को सूचित करें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस संयुक्त कार्रवाई में एसटीएफ उत्तराखंड की टीम का नेतृत्व निरीक्षक विकास चौधरी ने किया। टीम में उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल मठपाल, हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल महेंद्र गिरी, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार तथा सर्विलांस कर्मी किशन चंद्र शर्मा शामिल रहे। कार्रवाई में कोतवाली किच्छा से उपनिरीक्षक बसंत कुमार एवं कांस्टेबल त्रिलोक सिंह तथा आबकारी विभाग की ओर से निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट एवं उनकी टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

