टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹3 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
टिहरी गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कीर्तिनगर पुलिस ने दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹3 लाख बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों में युवाओं तक स्मैक पहुंचाकर उन्हें नशे की गिरफ्त में धकेलने का प्रयास कर रहे थे।
9 जुलाई 2026 को मलेथा बैरियर क्षेत्र में वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने अंकित डोभाल और रुद्र राणा को रोककर तलाशी ली। इस दौरान अंकित के पास से 5.17 ग्राम तथा रुद्र के पास से 3.78 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली कीर्तिनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब इस नशा तस्करी नेटवर्क की सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद में ‘ऑपरेशन प्रहार’ पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी नशा तस्करी से संबंधित सूचना पुलिस, मानस पोर्टल या टोल फ्री नंबर 1933 पर देने की अपील की है।
पुलिस टीम: इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक कुंवर राम आर्य, अपर उपनिरीक्षक पंकज घनसाला, हेड कांस्टेबल नरेश राजवंशी और कांस्टेबल प्रवेश पालियाल की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

