विश्व एड्स दिवस पर रुद्रपुर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, रैली के माध्यम से आमजन को किया गया जागरूक

रुद्रपुर। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में एक व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एचआईवी/एड्स से संबंधित जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाना एवं संक्रमण की रोकथाम के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना था।
जागरूकता कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें समस्त TiNGO से आए प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने आवास विकास क्षेत्र में आमजन को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक किया। रैली को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. के.के. अग्रवाल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेन्द्र कुमार सागर तथा जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डाॅ. हरेन्द्र मलिक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम के अगले चरण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े काउंसलरों, एआरटी मेडिकल ऑफिसरों एवं HIV/AIDS संक्रमण पर कार्य कर रहे TiNGO प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी TiNGO से उच्च जोखिम वाली जनसंख्या (High Risk Population) को टारगेट करते हुए HIV परीक्षण कराने एवं एआरटी लिंक स्थापित कराने पर विशेष बल दिया।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने NACP काउंसलरों से प्रभावी परामर्श (Effective Counselling) प्रदान करने के साथ नए Hot-Spot खोजने की दिशा में कार्य करने का सुझाव दिया। वहीं जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी ने NACP स्टाफ से HIV से ग्रसित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव रहित एवं संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन District Integrated Strategy for HIV/AIDS (DISHA) से डाॅ. श्वेता दीक्षित (CPM), डाॅ. जयंत नंद जोशी (CSO) एवं अराधना श्रीवास्तव (DMDO) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वयंसेवी संगठनों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

