भारत मंडपम में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज भारत मंडपम, नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में चल रहे अभूतपूर्व कार्यों पर आधारित एक विस्तृत वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में सड़क अवसंरचना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा को सुगम, सुलभ एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ₹12,769 करोड़ की लागत से चारधाम महामार्ग परियोजना के अंतर्गत प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों का उन्नयन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी की प्रतिबद्धता के कारण प्रदेश के कठिन और दुर्गम भूभाग में भी सड़क परियोजनाएं सफलतापूर्वक पूर्ण की गई हैं। वर्तमान में राज्य में 3,723 किलोमीटर का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क विकसित हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एनएचएआई द्वारा डिजाइन किए गए 597 किलोमीटर मार्गों में से 336 किलोमीटर से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, रुद्रपुर, काशीपुर, हल्द्वानी और काठगोदाम जैसे प्रमुख केंद्र अब चौड़ी और सुरक्षित सड़कों से जुड़े हैं। दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे सहित देहरादून और हरिद्वार बाईपास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं यातायात को तेज, सुरक्षित और अधिक सुगम बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा, श्री हर्ष मल्होत्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
