पंच केदार–पंच बद्री धामों में शीतकालीन यात्रा की सुरक्षा, शिवरात्रि मेले की तैयारियाँ हेतु एसपी चमोली का मैदानी निरीक्षण

पंच केदार–पंच बद्री धामों में शीतकालीन यात्रा की सुरक्षा, शिवरात्रि मेले की तैयारियाँ हेतु एसपी चमोली का मैदानी निरीक्षण
Spread the love

चमोली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखण्ड में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के दूरदर्शी विजन को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा जनपद के पंच बद्री–पंच केदार क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने कल्पेश्वर महादेव (पंच केदार), ध्यान बद्री एवं भविष्य बद्री (पंच बद्री) मंदिरों में पहुँचकर सुरक्षा व्यवस्था, यात्रा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा पुलिस तैनाती की जमीनी स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण की शुरुआत पंच केदारों में शामिल कल्पेश्वर महादेव मंदिर से हुई, जो वर्षभर श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खुला रहने वाला एकमात्र केदार है। मंदिर परिसर में पहुँचने पर मंदिर समिति अध्यक्ष विनोद नेगी एवं समिति सदस्यों द्वारा पुलिस अधीक्षक का पारंपरिक स्वागत किया गया। आगामी महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित होने वाले विशाल मेले को लेकर व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर में निवासरत साधु–महात्माओं से संवाद करते हुए सुरक्षा के दृष्टिगत सभी का विधिवत पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उर्गम घाटी क्षेत्र में ट्रैकर्स, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या तथा बड़ी संख्या में संचालित होम-स्टे को देखते हुए एसपी चमोली ने चौकी प्रभारी उर्गम को निर्देशित किया कि सभी होम-स्टे संचालक निर्धारित मानकों का पालन करें। साथ ही कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन, बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा ध्यान बद्री मंदिर पहुँचकर दर्शन किए गए और वहां की यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान हेलंग से उर्गम तक निर्माणाधीन सड़क मार्ग का भी अवलोकन किया गया। संभावित दुर्घटना स्थलों को चिन्हित कर वहां चेतावनी बोर्ड एवं संकेतक लगाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की यात्रा सुरक्षित बनी रहे।
निरीक्षण के क्रम में एसपी चमोली ने पंच बद्री मंदिरों में सम्मिलित भविष्य बद्री मंदिर (ज्योतिर्मठ से लगभग 17 किलोमीटर दूर) पहुँचकर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंदिर परिसर में पुजारी अतुल डिमरी एवं अन्य से भेंट कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं पुलिस सहयोग को लेकर चर्चा की गई।

इसके अतिरिक्त चारधाम यात्रा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण पड़ाव हेलंग स्थित पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया गया, जहाँ ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता, व्यवस्थाओं एवं यात्रियों की सुविधा से संबंधित प्रबंधों की गहन समीक्षा की गई।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक ज्योतिर्मठ देवेन्द्र रावत, चौकी प्रभारी भूपेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles