नैनीताल।सरोवर नगरी नैनीताल से संचालित दिव्यांग कल्याण समिति द्वारा निर्धन, दिव्यांगजनों एवं विद्यालयी बच्चों के लिए निस्वार्थ भाव से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री एवं वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा संस्था के संस्थापक सदस्य नवीन वर्मा ने कहा कि बिना किसी स्वार्थ के जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाना सबसे बड़ा परोपकार है। उन्होंने बताया कि अब तक समिति द्वारा 1074 शिविर आयोजित कर निशुल्क सामग्री का वितरण किया जा चुका है, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
इस अवसर पर दिव्यांग कल्याण समिति के कार्यालय में आयोजित शिविर में नवीन वर्मा ने प्रतिभाग किया और समिति के सदस्यों की हौसला अफजाई करते हुए दिव्यांगजनों को निशुल्क कंबल वितरित किए। उन्होंने समिति की अध्यक्ष धनी नेगी एवं सचिव ममता जोशी सहित सभी सदस्यों के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार का सेवा कार्य हर कोई नहीं कर सकता, जिसे समिति वर्षों से निरंतर करती आ रही है।
शिविर की शुरुआत संस्था के संस्थापक स्वर्गीय राजेंद्र सिंह नेगी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए की गई। कार्यक्रम में संस्था के प्रेरणास्रोत शेखर भट्ट ने उपस्थित दिव्यांगजनों और असहाय लोगों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया तथा बच्चों के जीवन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से बच्चों को मेहनत से पढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीवन चंद्र पंतौला ने कहा कि दिव्यांग कल्याण समिति बिना किसी सरकारी आर्थिक सहायता के दानदाताओं और सहयोगियों के सहयोग से संचालित हो रही है, जो समाज के लिए एक मिसाल है। वहीं मोहन चंद्र पांडेय ने संस्था के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
संस्था से लगभग 25 वर्षों से जुड़े ध्रुव महतोलिया ने अध्यक्ष धनी नेगी, उनके परिवारजनों चेतन नेगी, दीपू नेगी, अंजू नेगी, सुमन नेगी तथा सचिव ममता जोशी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार से किसी प्रकार की आर्थिक सहायता न मिलने के बावजूद भी संस्था द्वारा दूर-दराज क्षेत्रों में जाकर निशुल्क कंबल, चप्पल एवं अन्य सामग्री का वितरण किया जाना वास्तव में निस्वार्थ सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
संस्था के उपाध्यक्ष पंकज पांडेय ने संस्था के उद्देश्यों और कार्यकलापों की जानकारी दी। शिविर की अध्यक्षता करते हुए संस्था अध्यक्ष धनी नेगी ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि जब तक सामर्थ्य रहेगी, संस्था के सेवा कार्य जनसहयोग से इसी प्रकार जारी रहेंगे। शिविर में लगभग 70 दिव्यांग, निर्बल एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल, चप्पल एवं अन्य सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम को नीलिमा कांडपाल, मंजू गोरा, पूनम जोशी, कमला रावत, खुशी जोशी, पंकज उप्रेती, पूरन तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। संस्था के संरक्षक मोहन सिंह बोरा के मार्गदर्शन तथा सीमा निगम, कमल जोशी, नागेश चंद्र, भानु मनराल, ललित किशोर पांडेय, ललित जोशी, तरुण पांडेय, कमला शाह आदि के सहयोग से यह शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
सभा के अंत में संस्था की सचिव ममता जोशी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी दानदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमूह का धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की।

