वरिष्ठ पत्रकार रितेश सागर का लंबी बीमारी के बाद निधन, पत्रकारों में शोक
रिपोर्ट : ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के वरिष्ठ पत्रकार रितेश सागर का लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन से नैनीताल सहित पूरे पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया गया है कि रितेश सागर काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका उपचार ऋषिकेश एम्स में चल रहा था। स्वास्थ्य में अचानक गिरावट आने के बाद उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
जैसे ही उनके निधन की सूचना नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, शोकाकुल लोग उनके आवास की ओर पहुंचने लगे। जब उनका पार्थिव शरीर उनके निवास स्थान नैनीताल लाया गया, तो परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
रितेश सागर एक मिलनसार, हँसमुख और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। वे लंबे समय से पत्रकारिता से जुड़े हुए थे और एनयूजेआई (NUJI) पत्रकार संगठन के पदाधिकारी भी रहे। पत्रकारिता जगत में उनकी एक अलग पहचान थी।
उनका अंतिम संस्कार नैनीताल के पाइंस स्थित श्मशान घाट में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया। इस अवसर पर शहर के अनेक पत्रकार, शुभचिंतक और परिवारजन उपस्थित रहे।
एनयूजेआई पत्रकार संगठन सहित नैनीताल व आसपास के पत्रकारों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना परमात्मा से की।

