HTML tutorial
HTML tutorial

फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन डालकर 13 लाख की ठगी करने वाला साइबर अपराधी जयपुर से गिरफ्तार

फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन डालकर 13 लाख की ठगी करने वाला साइबर अपराधी जयपुर से गिरफ्तार
Spread the love

टिहरी । सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापन देकर ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर 13 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को टिहरी पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन डालकर एक महिला को अपने जाल में फंसाया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार थाना चम्बा क्षेत्र की निवासी उषा देवी ने तीन अक्टूबर 2026 को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी कर उनसे कुल 13 लाख रुपये की ठगी की है। शिकायत के आधार पर थाना चम्बा में मुकदमा अपराध संख्या 38/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विवेचना साइबर पुलिस को सौंपते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। साइबर पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, डिजिटल लेन-देन और तकनीकी तथ्यों का गहन विश्लेषण किया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन पोस्ट कर महिला को ऑनलाइन खरीदारी के लिए आकर्षित किया। इसके बाद व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर कुर्ती उपलब्ध कराने और कथित रूप से धोखाधड़ी से गई धनराशि वापस करने का झांसा दिया। इसी प्रक्रिया में आरोपी ने महिला से अलग-अलग तरीके से कुल 13 लाख रुपये हड़प लिए।

तकनीकी जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान गुलशन मीना निवासी बरवा वस्सी, जयपुर, राजस्थान के रूप में की। इसके बाद 25 नवंबर को टिहरी पुलिस की साइबर टीम ने जयपुर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजीव थपलियाल, कांस्टेबल अजवीर, कांस्टेबल राहुल (साइबर सेल टिहरी) तथा कांस्टेबल सुबोध (थाना चम्बा) शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles