वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर उत्तराखंड नर्सिंग एसोसिएशन का सरकार को अल्टीमेटम, 19 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास घेराव की चेतावनी
देहरादून। उत्तराखंड नर्सिंग एसोसिएशन ने सरकार पर उनकी जायज मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। एसोसिएशन ने कहा कि लंबे समय से लंबित वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वे सरकार से टकराव नहीं चाहते, लेकिन यदि शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो 19 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग स्टाफ की भारी कमी है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और मौजूदा कर्मियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है।
नर्सिंग एसोसिएशन ने सरकार से मांग की कि वर्षवार भर्ती प्रक्रिया को तत्काल शुरू किया जाए, ताकि योग्य नर्सिंग अभ्यर्थियों को रोजगार मिल सके और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिले।
इस अवसर पर नवल पुंडीर, राजेन्द्र प्रसाद, प्रवेश रावत, सुभाष सिंह, विकास पुंडीर, अनिल रमोला, स्तुति सती, सीरा बधानी, मधु उनियाल, सरिता जोशी, प्रीति सिंह, मुकेश रमोला और भाष्कर रावत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

