विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर प्रधानमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष ने जताया शोक

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री अजित पवार के विमान दुर्घटना में हुए असामयिक निधन पर देशभर में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि श्री अजित पवार महाराष्ट्र की जनता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाने वाले एक कर्मठ और जननेता थे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक मामलों की उनकी गहरी समझ तथा गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के प्रति उनका संकल्प सराहनीय रहा। प्रधानमंत्री ने कहा, “उनका असामयिक निधन अत्यंत दुखद और स्तब्ध कर देने वाला है। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ॐ शांति।”
वहीं लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री अजित पवार एवं अन्य लोगों का विमान दुर्घटना में निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि श्री अजित पवार महाराष्ट्र के बारामती संसदीय क्षेत्र से 10वीं लोकसभा के सदस्य भी रह चुके थे और अपने सुदीर्घ राजनीतिक जीवन में उन्होंने सहकारिता के माध्यम से जनकल्याण एवं राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
श्री बिरला ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारों और समर्थकों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
इसके साथ ही 18वीं लोकसभा के सातवें सत्र के पहले दिन सदन का नेतृत्व करते हुए लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने श्री अजित पवार सहित अन्य पूर्व सदस्यों के निधन पर भी शोक व्यक्त किया।

