नीट-यूजी में फर्जी प्रमाण पत्र से एमबीबीएस दाखिले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। नीट-यूजी 2025 में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने के मामले में देहरादून पुलिस की विशेष जांच टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र तैयार कराकर तीन अभ्यर्थियों को अलग-अलग चिकित्सा महाविद्यालयों में एमबीबीएस में प्रवेश दिलाया था।
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर 2026 को थाना रायपुर और थाना क्लेमेंटाउन में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाने और जांच में दस्तावेज फर्जी पाए जाने के संबंध में अलग-अलग तहरीर प्राप्त हुई थी। इस आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा अपराध संख्या 380/26 तथा थाना क्लेमेंटाउन में मुकदमा अपराध संख्या 86/26 दर्ज किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने निष्पक्ष जांच और गहन परीक्षण के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण-1 जया बलोनी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया। टीम ने प्रकरण से जुड़े दस्तावेज कब्जे में लेकर साक्ष्य संकलन शुरू किया।
जांच के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों में दर्ज पते गलत पाए गए। इसके बाद विशेष जांच टीम ने संबंधित शिक्षण संस्थानों में जाकर प्रकरण से जुड़े दस्तावेज कब्जे में लिए। दस्तावेजों के परीक्षण से अभ्यर्थियों के वास्तविक पतों की जानकारी सामने आई। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रूपेश पंडित और अरविन्द कुमार को पूछताछ के लिए थाना रायपुर बुलाया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रूपेश पंडित पिछले करीब पांच वर्षों से अपने साथियों के साथ शिक्षा परामर्श का काम कर रहा था। वह मेरठ में ‘मिकोडो पाठशाला’ नाम से एक कंपनी संचालित करता था। पुलिस के अनुसार कंपनी के माध्यम से विभिन्न निजी विश्वविद्यालयों और विदेशों में एमबीबीएस, बीटेक, बीसीए, बीबीए और बीकॉम सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में कमीशन के आधार पर प्रवेश दिलाने का काम किया जाता था।
पुलिस के अनुसार अरविन्द कुमार रूपेश का पुराना परिचित था और करीब दो-तीन वर्षों से उसे जानता था। अपनी पुत्री परी के एमबीबीएस में दाखिले के लिए उसने रूपेश से संपर्क किया था। साथ ही दो अन्य परिचितों के बच्चों को भी एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने की बात कही थी।
आरोप है कि रूपेश और उसके साथियों ने तीनों अभ्यर्थियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित कोटे से एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने का भरोसा दिया और प्रत्येक प्रवेश के लिए 45 लाख रुपये लेने की बात कही। पुलिस के अनुसार तीनों अभ्यर्थियों के परिजनों से एडवांस के तौर पर 20-20 लाख रुपये लिए गए थे। शेष रकम एमबीबीएस में प्रवेश और कक्षाएं शुरू होने के बाद देने की बात तय हुई थी।
पुलिस के मुताबिक रूपेश और उसके साथियों ने तीनों अभ्यर्थियों के कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र तैयार कराए। इन्हीं प्रमाण पत्रों के आधार पर तीनों अभ्यर्थियों ने अलग-अलग चिकित्सा महाविद्यालयों में एमबीबीएस में प्रवेश प्राप्त किया।
विशेष जांच टीम द्वारा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूपेश पंडित पुत्र गोपाल पंडित, निवासी ग्राम शिवपुरी, थाना केहाट, तहसील एवं जिला पूर्णिया, बिहार, हाल निवासी द्वारिकापुरी कॉलोनी, थाना ब्रह्मपुरी, मेरठ, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष,अरविन्द कुमार पुत्र विजयपाल सिंह, निवासी ग्राम बहादरपुर खादर, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।


