“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत पिपली में 23वां बहुउद्देशीय शिविर आयोजित190 से अधिक ग्रामीण लाभान्वित, 46 समस्याओं का मौके पर समाधान

“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत पिपली में 23वां बहुउद्देशीय शिविर आयोजित190 से अधिक ग्रामीण लाभान्वित, 46 समस्याओं का मौके पर समाधान
Spread the love

रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार आम जनमानस को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग श्री प्रतीक जैन के नेतृत्व में जनपद की 27 न्याय पंचायतों में चरणबद्ध रूप से बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में आज न्याय पंचायत पिपली अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज बाड़ा में “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत 23वां बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता मा० विधायक रुद्रप्रयाग श्री भरत चौधरी ने की। विधायक ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शिविर में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, उद्योग, समाज कल्याण, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य विभाग (आयुष्मान आरोग्य शिविर), राजस्व विभाग, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, पूर्ति विभाग सहित अनेक विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया।

शिविर के माध्यम से 190 से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड, आधार सेवाएं, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, यूसीसी पंजीकरण, राशन कार्ड ई-केवाईसी, एलपीजी केवाईसी, स्वरोजगार एवं आजीविका योजनाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया गया। साथ ही विभागीय अधिकारियों ने मंच के माध्यम से योजनाओं एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी।

शिविर के दौरान आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा कुल 75 समस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 46 समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। ग्रामीणों द्वारा जेठा-कठैत पेयजल लाइन की जर्जर स्थिति, पंपिंग टेस्टिंग, जलटैंक रख-रखाव हेतु चौकीदार की तैनाती, कांडई-कमोल्टी मोटर मार्ग की मरम्मत, झाड़ी कटान, विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन, कृषि भूमि की घेरबाड़, चारदीवारी एवं खेल मैदान निर्माण जैसी मांगें रखी गईं।

विधायक भरत चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर दूरस्थ क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि संपूर्ण बच्छणस्यू क्षेत्र को प्राथमिकता में रखते हुए विभिन्न विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पलायन आयोग एवं जलागम प्रबंधन परियोजना 84 गांवों में लागू है। उन्होंने खाखरा-कमोल्टी-मोलकाखाल सड़क के डामरीकरण, अस्पताल निर्माण हेतु सर्वे तथा पीएमजीएसवाई फेस-4 के अंतर्गत 7 सड़कों के निर्माण का भी आश्वासन दिया।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम कठैत ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन शिविरों से ग्रामीणों को न्याय पंचायत स्तर पर ही राहत मिल रही है और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ग्राम प्रधान प्रियंका पोखरियाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम पटवाल, पीटीए अध्यक्ष जयकिशन भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी, एसडीएफओ विकास पुंडीर, खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेन्द्र बिष्ट, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, तहसीलदार प्रणव पांडे, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद भास्कर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles