अधिक ब्याज का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाले दो मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार

अधिक ब्याज का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाले दो मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी।

नैनीताल।सरोवर नगरी नैनीताल से दूर हल्द्वानी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा किया। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अधिक ब्याज के लालच में न आएं, अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है। यदि अपनी धनराशि सुरक्षित रखना चाहते हैं तो बैंक एवं अधिकृत संस्थानों में ही निवेश करें, जहां धन पूरी तरह सुरक्षित रहता है।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने बताया कि जनपद नैनीताल में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो मुख्य अभियुक्तों—हेमचंद पंत और विकास दुर्गापाल को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अभियुक्तों ने भोले-भाले लोगों को अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये की ठगी की।
निवेश के नाम पर सुनियोजित ठगी।

एसएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियुक्तों द्वारा वर्ष 2017 में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) एवं रामनगर में खोली गई थी। उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर एवं नैनीताल सहित कई जनपदों के हजारों लोगों से निवेश कराया गया।

जांच में सामने आया कि संस्था के अध्यक्ष हेमचंद पंत एवं सचिव विकास दुर्गापाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर निवेशकों की मेहनत की कमाई हड़प ली और फरार हो गए। यह गंभीर मामला एक वर्ष से अधिक समय से लंबित था, जिसके बाद विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

कोतवाली रामनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 246/23 (धारा 409 आईपीसी) के तहत जांच करते हुए पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ तक दबिश दी, जिसके परिणामस्वरूप दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी ने बताया कि जांच में अभियुक्तों के खातों में
₹2 करोड़ 26 लाख तथा ₹4 करोड़ 58 लाख के लेन-देन का खुलासा हुआ है। दोनों शाखाएं बंद पाई गईं तथा न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश भी प्राप्त कर लिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं तथा गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की संभावना है। जल्द ही और गिरफ्तारियां की जाएंगी।

गिरफ्तार अभियुक्त-हेमचंद पंत (45 वर्ष), निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानीविकास दुर्गापाल, निवासी देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी।

पत्रकार वार्ता के माध्यम से एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने आमजन से अपील की कि किसी भी संस्था या निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसके पंजीकरण, वैधता एवं प्रामाणिकता की स्वयं जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नैनीताल पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस बड़ी सफलता पर एसएसपी नैनीताल द्वारा गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को ₹2500 नकद इनाम देने की घोषणा की गई।

देवभूमि खबर

Related articles