आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर फेडरेशन ने जताई नाराजगी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी से हुई मुलाकात

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर फेडरेशन ने जताई नाराजगी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी से हुई मुलाकात
Spread the love

देहरादून।ऑल इंडिया आंगनवाड़ी एम्पलाइज फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के प्रतिनिधिमंडल ने आज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ज्वलंत समस्याओं को लेकर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री माननीय श्रीमती अन्नपूर्णा देवी  से उनके कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अपनी चिंताएं मंत्री के समक्ष रखीं।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वर्ष 2026 के केंद्रीय बजट पर गहरी निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इस बजट से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन वर्ष 2018 के बाद से अब तक मानदेय में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की गई है। लंबे समय से मानदेय में बढ़ोतरी न होने के कारण देशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में असंतोष और निराशा का माहौल बना हुआ है।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान में फेस कैप्चर प्रणाली के कारण कार्यकर्ताओं को कई व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसे समाप्त किया जाना आवश्यक है। साथ ही ऑनलाइन कार्यों के बढ़ते दबाव को देखते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 5G मोबाइल उपलब्ध कराए जाने और मोबाइल रिचार्ज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।

प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों के कार्यों का अनावश्यक बोझ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर डाला जा रहा है, जिससे उनका मूल कार्य प्रभावित हो रहा है। अत्यधिक कार्यदबाव के चलते आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मानसिक रूप से प्रभावित हो रही हैं, जिस पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

इसके अलावा विभिन्न राज्यों से संबंधित स्थानीय समस्याओं से भी माननीय मंत्री जी को अवगत कराया गया और शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशीला खत्री (उत्तराखंड), राष्ट्रीय महासचिव सावित्री चौधरी (उत्तर प्रदेश), राष्ट्रीय संयोजक बालमुकुंद सिंहा (झारखंड), राष्ट्रीय मुख्य संयोजक मोहम्मद यामीन अंसारी (उत्तराखंड), राधे श्याम गुर्जर (राजस्थान) तथा रामचंद्र पासवान, प्रदेश संयोजक (झारखंड) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles