मोबाइल-लैपटॉप पर स्क्रीन टाइम कम कर कैरियर पर फोकस करें युवा : कमलेश उपाध्याय
उत्तरकाशी। “पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तरकाशी पुलिस द्वारा समाज, विशेषकर युवा वर्ग को विभिन्न सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जनसंवाद व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय की अध्यक्षता में आज मसीह दिलासा स्कूल (MDS), उत्तरकाशी में एक व्यापक जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को नशा, साइबर अपराध, यातायात नियम, महिला अपराध एवं फायर सेफ्टी के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई।
एसपी उत्तरकाशी ने छात्रों को संबोधित करते हुए साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता बताई और कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग सोच-समझकर करना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मोबाइल व लैपटॉप पर स्क्रीन टाइम कम करने तथा अपने कैरियर पर फोकस करने की सलाह दी, साथ ही मोबाइल का उपयोग केवल ऑनलाइन क्लास व सामान्य ज्ञान तक सीमित रखने का मार्गदर्शन किया। सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल, यातायात नियमों की उपयोगिता बताते हुए नाबालिगों को वाहन न चलाने, हेलमेट पहनने, ओवरस्पीड व रैश ड्राइविंग से बचने की अपील की।
शिविर में यातायात पुलिस द्वारा नोडल शिक्षक श्री दिनेश पंवार के नेतृत्व में 30 छात्र-छात्राओं का रोड सेफ्टी क्लब गठित किया गया, जो भविष्य में यातायात प्रबंधन में पुलिस को सहयोग करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का कार्य करेगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा रोड सेफ्टी क्लब के चयनित छात्र-छात्राओं को टी-शर्ट व कैप वितरित कर शुभकामनाएं दी गईं।
पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी श्री जनक सिंह पंवार ने छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि नशा समाज के पतन का कारण है और युवा वर्ग को इससे दूर रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ना चाहिए। महिला उप निरीक्षक श्रीमती गीता ने छात्र-छात्राओं को महिला अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए उत्तराखंड पुलिस एप के गौरा शक्ति फीचर, डायल 112 तथा महिला सुरक्षा हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान “अभया” की जानकारी दी।
शिविर में उत्तरकाशी पुलिस की साइबर, फायर एवं यातायात टीम द्वारा साइबर अपराध, साइबर हेल्पलाइन, यातायात नियमों एवं प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम में मसीह दिलासा स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर शैलम, यातायात उपनिरीक्षक श्री लक्ष्मण सिंह चुफाल, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्री नरेंद्र सिंह, स्कूल के शिक्षकगण सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

