HTML tutorial
HTML tutorial

असम की तत्कालीन सर्किल अधिकारी नूपुर बोरा की 70.09 लाख की संपत्ति ईडी ने की अटैच

असम की तत्कालीन सर्किल अधिकारी नूपुर बोरा की 70.09 लाख की संपत्ति ईडी ने की अटैच
Spread the love

गुवाहाटी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के गुवाहाटी जोनल कार्यालय-I ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में असम की तत्कालीन सर्किल अधिकारी नूपुर बोरा और अन्य के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 5(1) के तहत करीब 70.09 लाख रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया है।

ईडी की जांच असम के मुख्यमंत्री विशेष सतर्कता प्रकोष्ठ के सतर्कता पुलिस थाने में नूपुर बोरा और अन्य के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई थी। मामले में सतर्कता पुलिस ने 12 नवंबर 2025 को नूपुर बोरा के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। इसके बाद 31 मार्च 2026 को उनके पति गगन चंद्र कलिता, पिता कीनाराम बोरा और लॉट मंडल सुरजीत डेका के खिलाफ पूरक आरोपपत्र विशेष न्यायाधीश, असम, गुवाहाटी की अदालत में दाखिल किया गया।

आरोपपत्र के अनुसार, 17 जनवरी 2019 से 15 सितंबर 2025 तक की जांच अवधि में नूपुर बोरा पर आय के ज्ञात स्रोतों से लगभग 4.01 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। यह उनकी ज्ञात आय का 458.64 प्रतिशत बताया गया है।

ईडी की जांच में सामने आया कि नूपुर बोरा ने कथित तौर पर सर्किल अधिकारी के पद पर रहते हुए बड़ी मात्रा में बेहिसाब नकदी जमा की और उसे बैंकिंग व्यवस्था में शामिल किया। इसके लिए उनके स्वयं के बैंक खातों के साथ-साथ पिता और पति के नाम पर संचालित खातों का भी इस्तेमाल किए जाने का आरोप है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, कथित अपराध से अर्जित धन को विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से इधर-उधर भेजा गया। इसमें उनके अधीनस्थ कर्मचारी सुरजीत डेका और उसके पिता के बैंक खातों का इस्तेमाल कर रकम को नूपुर बोरा के होम लोन और बचत खातों में स्थानांतरित करने की बात सामने आई है।

ईडी के अनुसार, जमीन खरीदने के लिए उनके पिता और पति के नाम पर समझौते किए गए। इनमें से एक समझौता बाद में पति के स्थान पर नूपुर बोरा के नाम पर दोबारा किया गया। इसके अलावा सर्किल कार्यालय के एक संविदा कर्मचारी के नाम पर वाहन खरीदने का भी आरोप है। कथित अवैध धन का निवेश म्यूचुअल फंड, जीवन बीमा प्रीमियम और जमीन एवं फ्लैट की खरीद में किया गया।

ईडी द्वारा वर्तमान में अटैच की गई संपत्तियों में नूपुर बोरा के नाम पर 13.45 लाख रुपये मूल्य की एसबीआई म्यूचुअल फंड इकाइयां और 21.64 लाख रुपये मूल्य की तीन जीवन बीमा पॉलिसियां शामिल हैं। इसके अलावा माज जालुकबाड़ी और गरल गांव में दो भूखंडों तथा गुवाहाटी में एक फ्लैट की खरीद के लिए विक्रेताओं एवं बिल्डर को अग्रिम भुगतान की गई 35 लाख रुपये की राशि भी कार्रवाई के दायरे में है।

ईडी के मुताबिक, इस मामले में कुल लगभग 4.01 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित संपत्ति की पहचान की गई है। इससे पहले मूल अपराध के तहत विशेष न्यायाधीश, असम, गुवाहाटी की अदालत ने 2 अप्रैल 2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 107 के तहत आरोपियों से बरामद नकदी, आभूषण, एक फ्लैट, भूखंड, वाहन और बैंक खातों में जमा रकम सहित लगभग 2.92 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अटैच करने की अनुमति दी थी।

वर्तमान कार्रवाई के बाद इस मामले में पीएमएलए और मूल अपराध से संबंधित मामलों के तहत कुल लगभग 3.62 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं। ईडी मामले में आगे की जांच कर रही है।

देवभूमि खबर

Related articles