HTML tutorial
HTML tutorial

उत्तराखंड में खाद की नई ई-टोकन व्यवस्था रद्द, अब पुरानी व्यवस्था से मिलेगी खाद: गणेश जोशी

उत्तराखंड में खाद की नई ई-टोकन व्यवस्था रद्द, अब पुरानी व्यवस्था से मिलेगी खाद: गणेश जोशी
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के किसानों को खाद उपलब्ध कराने की नई ई-टोकन व्यवस्था से राहत मिलने जा रही है। कृषि मंत्री गणेश जोशी के आग्रह पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में नई ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने पर सहमति दे दी है। अब प्रदेश के किसानों को पूर्व की भांति पुरानी व्यवस्था के तहत ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में केंद्र सरकार जल्द आधिकारिक पत्र जारी करेगी।

नई ई-टोकन व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश के किसानों को खाद प्राप्त करने में आ रही परेशानियों को कृषि मंत्री गणेश जोशी ने गंभीरता से लिया था। रबी फसलों की बुवाई के महत्वपूर्ण समय को देखते हुए उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से दूरभाष पर वार्ता की थी। साथ ही पत्र भेजकर उत्तराखंड में नई व्यवस्था में शिथिलता प्रदान करने और किसानों को पुरानी व्यवस्था के तहत खाद उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।

केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा आग्रह स्वीकार किए जाने पर गणेश जोशी ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। खेती-किसानी के कार्यों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत और पंतनगर में किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने कृषि मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर नई ई-टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को हो रही दिक्कतों से अवगत कराया था। उन्होंने इस व्यवस्था में आवश्यक बदलाव करने की मांग उठाई थी।

कृषि मंत्री ने किसानों की समस्याओं को केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद नई व्यवस्था को समाप्त करने पर सहमति बनी है। इससे प्रदेश के किसानों को खाद प्राप्त करने में पहले की तरह सुविधा मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

देवभूमि खबर

Related articles