“देवभूमि की जनता को ‘भाड़े की भीड़’ कहना अहंकार की पराकाष्ठा” – गरिमा मेहरा दसौनी का भाजपा पर तीखा प्रहार
देहरादून।राजभवन कूच में शामिल हजारों लोगों को “भाड़े की भीड़” बताए जाने के भाजपा के बयान पर भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नेत्री गरिमा मेहरा दसौनी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि उत्तराखंड की देवतुल्य जनता का अपमान है।
गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि राजभवन कूच में शामिल लोग कोई किराए पर लाए गए व्यक्ति नहीं थे, बल्कि इस प्रदेश के मतदाता, जागरूक नागरिक और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाली आम जनता थी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही जनार्दन होती है और जनता को “भाड़े का” कहना भाजपा की मानसिकता और अहंकार को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी जनता सरकार से सवाल पूछती है, भाजपा उसे बदनाम करने का प्रयास करती है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। गरिमा ने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले भाजपा को अपने राजनीतिक आचरण पर विचार करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य दलों में तोड़फोड़ कर नेताओं और कार्यकर्ताओं को शामिल कराना भाजपा की पुरानी रणनीति रही है, जबकि कांग्रेस का कार्यकर्ता विचारधारा से जुड़ा होता है, किसी सौदे से नहीं।
गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता स्वाभिमानी है और वह अपमान को याद रखती है। उन्होंने कहा कि जनता का अपमान करने वाली सोच को लोकतंत्र में जवाब भी जनता ही देती है और समय आने पर देवभूमि की जनता अपना निर्णय स्पष्ट रूप से सुनाएगी।

