बालावाला में विराट हिन्दू सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री धामी, “हिंदू समाज की एकता और आत्मगौरव का महापर्व”

बालावाला में विराट हिन्दू सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री धामी, “हिंदू समाज की एकता और आत्मगौरव का महापर्व”
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बालावाला, देहरादून में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि हिंदू समाज की चेतना, एकता और आत्मगौरव का महापर्व है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज आज जागृत, समर्पित और अपने धर्म, संस्कृति एवं राष्ट्र के प्राचीन वैभव को पुनः स्थापित करने के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ संगठित हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि वे विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि संघ ने 100 वर्षों में देश के सांस्कृतिक मूल्यों को पुनर्जीवित कर राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन के हृदय में सशक्त रूप से स्थापित करने का कार्य किया है। शिक्षा, कृषि, ग्राम विकास, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आदिवासी उत्थान, सेवा कार्य, कला और विज्ञान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में स्वयंसेवकों का योगदान उल्लेखनीय रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है, जहां भाषा, संस्कृति, जाति और क्षेत्र के आधार पर अनेक भिन्नताएं हैं, लेकिन इन सबके बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सदैव भेदभाव से ऊपर उठकर भारत की एकात्मता को मजबूत किया है और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सुदृढ़ किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में भाषाएं, परंपराएं, पूजा-पद्धतियां और जीवनशैली भिन्न हो सकती हैं, किंतु मूल मानवीय मूल्य समान रहते हैं। इसी भावना का व्यापक स्वरूप हिंदुत्व है, जो एकता, समरसता और सांस्कृतिक पहचान का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और ऑपरेशन कालनेमी के माध्यम से सनातन धर्म को बदनाम करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर सभी को समान अधिकार देने, मदरसा बोर्ड को समाप्त कर समान शिक्षा व्यवस्था की दिशा में कदम बढ़ाने तथा “हिन्दू स्टडी सेंटर” की स्थापना कर सनातन संस्कृति पर शोध को प्रोत्साहन देने जैसे निर्णय लिए गए हैं।

इस अवसर पर विधायक श्री बृज भूषण गैरोला, पार्षद श्री प्रशांत खरोला, ब्रह्मचारी केशर स्वरूप, श्री ललित बुड़ाकोटी, श्री सुभाष बड़थ्वाल, श्री गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles