एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अगुवाई में नैनीताल पुलिस ने मनाई उल्लासपूर्ण होली

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अगुवाई में नैनीताल पुलिस ने मनाई उल्लासपूर्ण होली
Spread the love

नैनीताल। सुरक्षा की चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों और निरंतर ड्यूटी के बीच नैनीताल पुलिस ने आपसी सौहार्द और उल्लास के साथ रंगों का पर्व होली मनाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में अनुशासन और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी आवास पर महिला पुलिस कर्मियों और पुलिस परिवार की महिलाओं द्वारा मंगल गीतों और सामूहिक नृत्य के साथ हुई।

इस अवसर पर कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल और जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ा और उत्सव का उत्साह भी दोगुना हो गया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं पहल करते हुए पुलिस टोली के साथ जिलाधिकारी, आईजी और कमिश्नर आवास पहुंचकर अधिकारियों को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद हल्द्वानी कैंप कार्यालय में ढोल की थाप पर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया और ड्यूटी की थकान को दूर किया।
इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी जवानों को गुलाल लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम में पुलिस परिवार के सदस्यों ने मिष्ठान और विभिन्न व्यंजनों का भी आनंद लिया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पुलिस कर्मी अक्सर त्योहारों के दौरान भी जनता की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। ऐसे अवसरों पर पूरे पुलिस परिवार के साथ कुछ खुशियों के पल साझा करने से नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है।

कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक होली गीतों पर पुलिसकर्मियों का उत्साहपूर्ण नृत्य देखने को मिला। उल्लास के बीच भी पुलिस बल का अनुशासन और मर्यादा कायम रही, जबकि पद और वरिष्ठता का भेद भुलाकर सभी एक-दूसरे के रंग में रंगे नजर आए।

इस अवसर पर एसपी नगर डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल रविकांत सेमवाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पाण्डेय सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना एवं इकाई प्रभारी, मीडिया प्रतिनिधि, पुलिसकर्मी और उनके परिजन उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles