भराड़ीसैंण में पीआरडी जवानों का प्रदर्शन, विधानसभा घेराव कर समान वेतन समेत दो सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन

भराड़ीसैंण में पीआरडी जवानों का प्रदर्शन, विधानसभा घेराव कर समान वेतन समेत दो सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन
Spread the love

भराड़ीसैंण (चमोली)। बजट सत्र के दौरान प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) हित संगठन उत्तराखंड के प्रदेश संयोजक प्रमोद मंद्रवाल के नेतृत्व में पीआरडी जवानों ने गैरसैंण–भराड़ीसैंण में विधानसभा का घेराव करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान जवानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के समक्ष आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान पीआरडी जवानों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, सेवा संबंधी प्रावधानों और नियमावली में संशोधन तथा “स्वयंसेवक” शब्द हटाकर पीआरडी कर्मियों को नियमित कर्मी का दर्जा देने जैसी मांगें उठाईं।

इसके बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम श्री यादव को अपनी दो सूत्रीय प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने संगठन को आश्वासन दिया कि बजट सत्र के दौरान यह मांग पत्र सरकार को प्रेषित किया जाएगा।

संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बजट सत्र में पीआरडी जवानों के हित में सरकार द्वारा सकारात्मक और ठोस निर्णय नहीं लिया गया तथा 13 मार्च 2026 तक इन मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो पीआरडी के महिला और पुरुष जवान राजधानी देहरादून में अपने परिवारजनों के साथ धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

इस अवसर पर नवीन बिष्ट, सुधीर तौमर, कलेक्ट्रेट परिषद के अध्यक्ष पवन बहुगुणा, राहुल पाल, संतोष, अभिषेक, अंकित, मनोज, शीशराम रतूड़ी, चमन तौमर, अनिल दत्त सहित संगठन के कई पदाधिकारी और पीआरडी जवान उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles