चार साल बेमिसाल कार्यक्रम हरिद्वार में भव्य आयोजन, योजनाओं से लाभान्वित हुए सैकड़ों लाभार्थी
हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम जनपद हरिद्वार में भव्य रूप से आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ, जहां कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन वर्चुअल माध्यम से लाइव प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने देखा। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बीते चार वर्षों में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
कार्यक्रम में मेयर किरण जैसल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता वितरित की गई। सहकारिता विभाग ने 50 लाभार्थियों को 56.13 लाख रुपये के चेक वितरित किए, वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार हेतु ऋण उपलब्ध कराया गया।
इसके अलावा, बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई तथा समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए। कार्यक्रम में खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और फोटो प्रदर्शनी ने आयोजन को आकर्षक बनाया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

