HTML tutorial
HTML tutorial

छह छात्राओं से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी बनबसा से पकड़ा

छह छात्राओं से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी बनबसा से पकड़ा
Spread the love

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद के दिनेशपुर क्षेत्र स्थित एक शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत छह छात्राओं से छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर छात्राओं की निजी जानकारी, मोबाइल नंबर और फोटोग्राफ साझा कर उन्हें निशाना बनाने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर थाना दिनेशपुर पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी पंतनगर के पर्यवेक्षण में कार्रवाई शुरू की गई। मामले में अभियोग पंजीकृत कर महिला पुलिस अधिकारी द्वारा विवेचना की जा रही है।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत मो. बिलाल ने छह छात्राओं के नाम, पते, मोबाइल नंबर और फोटोग्राफ सहित निजी जानकारी अपने साथी अनस के साथ साझा की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर छात्राओं के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करने, छेड़छाड़ और गाली-गलौच करने के आरोप हैं। साथ ही छात्राओं को गला काटने और तेजाब फेंकने जैसी गंभीर धमकियां देने की बात भी सामने आई है। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में मुख्य आरोपी अनस शिकायत की जानकारी मिलने के बाद फरार होने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसे नेपाल सीमा के निकट बनबसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी मो. बिलाल को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दोनों मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल फोन में उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और छात्राओं की निजी जानकारी के आदान-प्रदान की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि छात्राओं की निजी जानकारी किस प्रकार जुटाई गई, उसे साझा करने का उद्देश्य क्या था और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।

पुलिस के अनुसार, अनस पुत्र मोहम्मद मोबिन, उम्र 22 वर्ष, निवासी गली नंबर आठ, थाना बिसरख, उत्तर प्रदेश तथा मो. बिलाल पुत्र मोहम्मद यूसुफ, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम खेमपुर, जिला अजीमनगर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर की गई कार्रवाई के बाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन विवेचना में जुटी है। पुलिस का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा, निजता और सम्मान सुनिश्चित करते हुए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles