एसएसपी देहरादून का पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों पर सख्ती के निर्देश
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में अभिलेखों के रख-रखाव, सफाई व्यवस्था तथा कार्यों के समयबद्ध निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच से संबंधित प्रार्थना पत्रों और पत्रावलियों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। शिकायत प्रकोष्ठ के निरीक्षण के दौरान एक माह से अधिक समय से लंबित प्रार्थना पत्रों की जानकारी लेते हुए उन्होंने संबंधित जांचकर्ताओं को रिमाइंडर भेजने और उसके बावजूद शिथिलता बरतने पर विभागीय जांच की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने शिकायत लेकर पहुंचे फरियादियों से स्वयं मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित थानाध्यक्षों को दूरभाष के माध्यम से तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
साइबर सेल के निरीक्षण में साइबर अपराधों से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने एनसीआरबी पोर्टल पर सभी सूचनाएं समय से अपलोड करने और शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
प्रधान लिपिक शाखा के निरीक्षण में पत्रावलियों को समयबद्ध रूप से निस्तारित करने, कर्मचारियों की एसीआर समय पर पूर्ण करने तथा निर्धारित अवधि में एसीआर न भरने वालों के वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित लंबित मामलों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश भी दिए गए। भवन शाखा के निरीक्षण में नए थाना एवं चौकियों के प्रस्तावों की जानकारी ली गई और 50 वर्ष से अधिक पुराने पुलिस भवनों का चिन्हांकन कर उनका सुरक्षा ऑडिट कराने तथा जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण के प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।

