SSP मंजूनाथ टीसी ने नैनीताल में की अपराध समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश, नशा और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस
नैनीताल। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा पुलिसिंग को हाई-टेक बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस लाइन नैनीताल में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में ड्यूटी में लापरवाही और नशे के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जवाबदेही तय की जाएगी।
गोष्ठी से पूर्व आयोजित कर्मचारी सम्मेलन में एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बैठक में ‘टोका-टोकी’ रणनीति को प्रभावी रूप से लागू करने, रात्रि गश्त को सुदृढ़ करने और संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने कहा कि रात 11 बजे के बाद अनावश्यक रूप से खुले रहने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। नशे के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए तस्करों की पूरी सप्लाई चेन तोड़ने के निर्देश दिए गए।
पुलिसिंग को आधुनिक बनाने के लिए ‘ई-बीट बुक ऐप’ का उपयोग अनिवार्य किया गया है। साथ ही डिजिटल साक्ष्य संकलन के लिए ‘ई-साक्ष्य आईडी’ के उपयोग पर भी जोर दिया गया। सभी थानों को सीसीटीएनएस पर कार्यों को अनिवार्य रूप से ऑनलाइन करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान वर्दी की मर्यादा बनाए रखना अनिवार्य है। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की एल्कोमीटर से जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं, और नशे की स्थिति में पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इसके अलावा पुराने अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उनकी निगरानी बढ़ाने, आदतन अपराधियों पर गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में कानूनी प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाने के लिए डीजीसी क्राइम सुशील शर्मा ने अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की, जबकि संयुक्त निदेशक (विधि) हीरा सिंह राणा ने नए कानूनों की जानकारी दी।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 42 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में एसपी नैनीताल, एसपी हल्द्वानी, एसपी संचार सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

