नशा तस्करों के ठिकानों पर दून पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, 176 संदिग्धों का सत्यापन,8 किलो 688 ग्राम अवैध गांजे के साथ दो आरो को गिरफ्तार

देहरादून। दून पुलिस ने मंगलवार तड़के से ही नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। जनपद के नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी में जेल जा चुके और प्रकाश में आए आरोपियों के ठिकानों पर औचक छापेमारी की। इसके साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने रायवाला क्षेत्र में 8 किलो 688 ग्राम अवैध गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहे 176 आरोपियों से पूछताछ की। इस दौरान उनके वर्तमान कार्यों और गतिविधियों की जानकारी जुटाते हुए सत्यापन किया गया। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, बैंक खातों और अन्य गतिविधियों की भी जानकारी ली, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे दोबारा नशे के अवैध कारोबार में तो शामिल नहीं हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को चेतावनी दी कि यदि दोबारा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्तता पाई गई तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, चेकिंग के दौरान रायवाला क्षेत्र में एचपी पेट्रोल पंप के पास हरिद्वार की ओर से आ रही एक स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई। स्कूटी सवार दो व्यक्तियों प्रवीण पुत्र प्यारे लाल (40 वर्ष) और अजय कुमार पुत्र जोगेंद्र प्रसाद (27 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-14, बनखंडी ऋषिकेश को 8 किलो 688 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की यामाहा स्कूटी संख्या UK14P-0392 भी कब्जे में ले ली।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रायवाला में मुकदमा अपराध संख्या 202/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।


