देहरादून में राज्य स्तरीय उद्यमिता महोत्सव का आयोजन, 51 उद्यमी सम्मानित
देहरादून।राजधानी देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिविल सर्विस इंस्टीट्यूट में शनिवार को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत एक दिवसीय राज्य स्तरीय उद्यमिता महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मंत्री ने एमयूवाई ओलम्पिक्स का शुभारंभ करते हुए उद्यमिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 51 लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शिता और जनकल्याण की भावना के साथ विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि पूर्व में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अभाव में पलायन एक बड़ी समस्या थी, लेकिन अब सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार योजनाओं के विस्तार से स्थिति में सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि हजारों महिलाएं उद्यमिता से जुड़कर ‘लखपति दीदी’ बन रही हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। स्वयं सहायता समूहों और एमएसएमई के तहत संचालित उद्यम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं।
महोत्सव में 13 ‘लखपति दीदी’, 13 रीप सहायतित उद्यमी, 13 मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के उद्यमी तथा दो स्वयं सहायता समूहों के 12 सदस्यों सहित कुल 51 प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
एमयूवाई ओलम्पिक्स में 100 प्रतिभागियों ने अपने नवाचारी व्यवसायिक विचार प्रस्तुत किए, जिनमें से 18 श्रेष्ठ अवधारणाओं को चयनित कर विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एमयूवाई वेबसाइट और त्रैमासिक न्यूजलेटर का भी शुभारंभ किया गया, जिससे उद्यमियों को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार से जुड़ाव की जानकारी मिलेगी। साथ ही 13 जनपदों के उद्यमियों द्वारा आयोजित एमयूवाई एक्सपो में स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।
ग्राम्य विकास विभाग की अपर सचिव एवं एमयूवाई परियोजना समन्वयक झरना कमठान ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देना और विशेष रूप से महिलाओं को सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य और ‘लखपति दीदी’ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

