प्रधानमंत्री के दौरे से पहले देहरादून में तैयारियां तेज, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
देहरादून। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे एवं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शनिवार को आशारोड़ी से गढ़ीकैंट स्थित महेन्द्र ग्राउंड तक सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क मार्ग से संबंधित सभी सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने डिवाइडरों की मरम्मत, सड़कों के पैचवर्क, दीवारों के रंग-रोगन, चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण तथा सड़क किनारे मलवे की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षतिग्रस्त होर्डिंग्स को भी तत्काल ठीक करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मार्ग पर चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान आवागमन सुचारु बना रहे।
इसके बाद जिलाधिकारी ने गढ़ीकैंट स्थित महेन्द्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल, आमजन के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, जलपान एवं मोबाइल शौचालय जैसी सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल तक सुगम आवागमन के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

